एडवोकेट सुखदीप कौर अहलुवालिया ने बताया कि एनआरआई शादियों में तमाम केस ऐसे आए हैं जहां शादी के बाद लड़का पत्नी को लेने नहीं आता है या फिर लड़के ने कई-कई शादियां की होती हैं। कई मामले ऐसे हैं जहां लड़की को ब्याह कर विदेश ले जाने पर वहां उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।
केस-1 विदेश में झेली परेशानी
हरप्रीत (बदला हुआ नाम) के मां-बाप ने एनआरआई से शादी कर विदेश में बेटी के बसने की चाह में बिना पर्याप्त जानकारी के ब्याह कर दिया। विदेश में लड़की को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा। स्ट्रेस में लड़की ने अपना बच्चा भी खो दिया। उसने फिर से पढ़ाई करी और कड़ी मशक्कत के बाद नए सिरे से जिंदगी शुरू की।
केस-2 जानकारी आई काम
कुलविंदर (बदला हुआ नाम) ने लॉकडाउन में एक एनआरआई लड़के से शादी की। आज वो खुशहाल जिंदगी जी रही हैं। क्योंकि, शादी से पहले उनके परिवार ने लड़के के बारे में, उसके काम और कंपनी आदि के बारे में पूरी जानकारी हासिल की। पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद शादी का फैसला लिया।
भारत में हो शादी, फोटो व प्रमाण पत्र जरूर रखें
विदेश में रहने वाले लड़के की शादी कानूनी तौर पर तथा धार्मिक रीति-रिवाजों से भारत में ही की जाए और उसके सदस्यों की फोटो व प्रमाण पत्र जरूर एकत्रित करें। शादी के बाद दूल्हे और उसके रिश्तेदारों के साथ मोबाइल और ईमेल पर संपर्क बनाए रखें। बेटी को विदेश भेजने से पहले उसे वहां के कानून और उनके मुताबिक उसके अधिकारों के बारे में जरूर अवगत करवाया जाए। उन्होंने बताया कि विवाहित लड़की के साथ किसी भी तरह के घरेलू झगड़े तथा शोषण की स्थिति में वहां की अथॉरिटी और आपने जानकारों को जरूर सूचित किया जाए।
लड़की भरोसे के लोगों के पास रखे अपने दस्तावेज
विवाहित लड़की अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज जिनमें पासपोर्ट, वीजा, बैंक, जायदाद, मैरिज सर्टिफिकेट और दूसरे जरूरी दस्तावेज व फोन नंबर अपने माता-पिता और भरोसे के लोगों के पास जरूर रखें, ताकि इन दस्तावेजों की जरूरत पड़े तो काम में लाए जा सकेंं। यदि दस्तावेज खो जाएं तथा जबरन छीनकर नष्ट कर दिए जाएं तो ऐसी स्थिति में सामना करने के लिए इन दस्तावेजों की स्कैन करके अपने पास अवश्य रखें। इसके लिए सबसे जरूरी पति से संबंधित विवरण जैसे पासपोर्ट, वीजा, जायदाद का विवरण अपने पास रखने की कोशिश की जाए। कभी भी समस्या आए तो ये सारी चीजें काम आ सकती हैं।
शादी से पहले इन बातों का भी रखें ध्यान
● काम और वेतन के बारे में सही जानकारी हासिल करें।
● संबंधित देश के लीगल सिस्टम, कल्चर और भाषा के बारे में जानें।
● लड़के का काम, पद और सैलरी पैकेज के अलावा वर्क ऑफिस का पता लगाएं।
● लड़के के पास किस तरह का वीजा है पता करें।
● लड़के पक्ष के द्वारा प्रॉपर्टी के दावे की जांच करें, पता करें लड़के पर कोई कर्ज तो नहीं।
● लड़के के क्रिमिनल रेकॉर्ड को जांचें, फैमिली एंड फ्रेंड सर्कल के बारे में जानकारी जुटाएं।
प्रताड़ना पर यहां करें संपर्क
एनआरआई लड़का यदि प्रताड़ित करता है तो जिस देश में हैं वहां के इंडियन एम्बेसी से सम्पर्क करें। भारत आने के बाद तुरंत किसी भी पुलिस स्टेशन में जानकारी दर्ज कराएं। ससुरालवालों के बारे में भी प्रताडऩा की शिकायत दर्ज कराएं।
अपने अधिकारों को समझें : एडवोकेट सुखदीप कौर अहलुवालिया, एमपी हाईकोर्ट, ग्वालियर
किसी की मानसिकता के बारे में कम समय में अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इसीलिए शादी से पहले पूरी जानकारी करें। एनआरआई से किसी लड़की की शादी सम्मान की बात तो है, लेकिन लड़कियों को अपने अधिकारों के बारे में जानना होगा।