क्या है मामला
उस्मानपुर पुलिस थाना में एक लड़की के पिता ने वरपक्ष पर दहेज में 21 नाखूनों वाला कछुआ और काला लैब्राडोर कुत्ता मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, औरंगाबाद के उस्मानपुरा में रहने वाले एक लड़के की शादी रामनगर इलाके की एक लड़की के साथ तय हुई थी।
10 फरवरी, 2021 को सगाई के बाद दोनों पक्षों ने मिलकर तय किया कि कोरोना खत्म होने पर शादी होगी। लेकिन इस बीच लड़के वालों ने लड़की वालों के सामने दहेज में 21 नाखूनों वाला कछुआ, एक लैब्राडोर काला कुत्ता की मांग कर दी। लड़की के पिता का कहना है कि सगाई में दुल्हन के माता-पिता ने लड़के को 10 ग्राम की सोने की अंगूठी और दो लाख रुपये नकद दिया था।
जल्द होंगे गिरफ्तार
लड़की के पिता ने बताया कि मैंने उस्मानपुरा पुलिस स्टेशन में दूल्हे और उसके परिवार वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।